– भ्रामक प्रचार के खिलाफ अभियान तेज, एफएसएसएआई मानकों के उल्लंघन की होगी जांच
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा दल ने मंगलवार को वीडब्ल्यू मार्ट पर निरीक्षण कर एनर्जी ड्रिंक्स के खिलाफ कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान दल ने विभिन्न ब्रांडों की 152 एनर्जी ड्रिंक की बोतलें पाई, जिनमें से एक नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि 116 बोतलों को सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद और सुदेश गर्ग के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एनर्जी ड्रिंक्स के संबंध में किए जा रहे भ्रामक प्रचार की जांच के लिए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कुछ एनर्जी ड्रिंक्स के प्रचार में इन्हें शरीर की सेहत और ऊर्जा बढ़ाने वाले उत्पाद के रूप में पेश किया जाता है, जबकि एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) के प्रावधानों के अनुसार ऐसे दावों का कोई आधार नहीं है। इस तरह के भ्रामक प्रचार से उपभोक्ताओं को गुमराह किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान जून माह से पूरे राजस्थान में लगातार चल रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी मात्रा में एनर्जी ड्रिंक्स सीज की गई हैं। विभाग की कार्रवाई से लोगों में भी जागरूकता बढ़ी है और ऐसे उत्पादों की खरीद में कमी आई है। उन्होंने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे निर्धारित गाइडलाइन का पालन करें तथा भ्रामक दावों के साथ बेचे जा रहे एनर्जी ड्रिंक्स का विक्रय न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
