– मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तोड़े गए फैक्ट्री के ताले, मशीनें, खाली बैग और तैयार खाद जब्त, सिरसा निवासी व्यक्ति पर संचालन का संदेह
हनुमानगढ़। जिले के भादरा कस्बे के रीको औद्योगिक क्षेत्र में कृषि विभाग ने नकली खाद बनाने की एक अवैध फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मशीनें, खाली बैग और तैयार पैक खाद बरामद की है। विभाग ने मौके से मिले सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बरामद खाद के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि रीको एरिया स्थित एक बंद पड़ी हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में अवैध रूप से नकली खाद तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक कृषि अधिकारी राकेश कुमार और कृषि अधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को खाद निर्माण में उपयोग आने वाली मशीनें, बड़ी संख्या में खाली पैकिंग बैग तथा तैयार पैक किए गए खाद के बैग मिले। टीम ने मौके से बरामद सभी सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस कथित अवैध कारोबार का संचालन हरियाणा के सिरसा निवासी गुरप्रीत नामक व्यक्ति की ओर से किया जा रहा था। हालांकि विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री संचालक को दस्तावेजों सहित कई बार उपस्थित होने के लिए सूचना दी गई, लेकिन वह किसी भी प्रकार के दस्तावेज लेकर उपस्थित नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने पर विभाग ने इसकी सूचना एसडीएम को दी।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में तोड़े गए ताले
एसडीएम को सूचना देने के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में फैक्ट्री के ताले तुड़वाकर कार्रवाई शुरू की गई। इसके बाद विभागीय टीम ने परिसर की तलाशी लेकर संदिग्ध सामग्री जब्त की। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरामद खाद के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि खाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है या नकली अथवा मिलावटी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
