– 14 अगस्त की शाम सेंट्रल पार्क में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम; नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने स्वच्छता और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी की अपील की
हनुमानगढ़। 15 अगस्त स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त की शाम सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे भव्य रूप देने के लिए नगर परिषद की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ हम सभी का अपना शहर है और इसे स्वस्थ एवं स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को केवल कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर नगर परिषद की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों की आकर्षक सजावट की गई है। इसके अलावा जिला कलक्ट्रेट, जिला परिषद, नगर परिषद सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों को भी सजाया गया है। शहर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल है। सुरेन्द्र यादव ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आमजन की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने की अपील की।
