हनुमानगढ़। मेरा युवा भारत हनुमानगढ़ के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगाÓ अभियान के तहत शुक्रवार को गांव सलेमगढ़ मसानी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेते हुए हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान ‘भारत माता की जयÓ सहित देशभक्ति के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थी और ग्रामीण गांव के विभिन्न मार्गांे से गुजरे। ग्रामीणों ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान गांव का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। ग्राम पंचायत प्रशासक दलजीत कौर सेखों ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगाÓ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति एकजुटता और देशभक्ति का संदेश देने की अपील की। प्रधानाचार्य शिवकुमार बिश्नोई ने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और देश के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। माय भारत से जुड़े युवा मंडल के सदस्यों एवं आयोजकों ने बताया कि ‘हर घर तिरंगाÓ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी गीत वर्मा, उपप्राचार्य देवराज जोशी, उपप्राचार्य पवन शर्मा, अंजुबाला, संदीप कुमार, अध्यापक देवीलाल, विजय कुमार और योगेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
