– नई धानमंडी शाखा में आरबीआई के निर्देश पर आयोजन, बड़ी संख्या में ग्राहकों व व्यापारियों ने लिए नए नोट और सिक्के
संगरिया। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार स्थानीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नई धानमंडी शाखा में बुधवार को सिक्का वितरण एवं नोट विनिमय मेले का आयोजन किया गया। बाजार में छोटे नोटों और सिक्कों की कमी के कारण आमजन एवं छोटे दुकानदारों को हो रही परेशानी को देखते हुए बैंक की ओर से यह विशेष व्यवस्था की गई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि आरबीआई के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा के लिए 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों एवं सिक्कों का वितरण किया गया। सहायक प्रबंधक एवं रोकड़ अधिकारी सुधीर कुमार के नेतृत्व में आयोजित मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं व्यापारी पहुंचे और अपनी आवश्यकता के अनुसार नए नोट व सिक्के प्राप्त किए। मेले को सफल बनाने में बैंक स्टाफ के अमनदीप, मनीष गोयल, पवन जाखड़, अमन, महेंद्र गोदारा, जितेंद्र गुर्जर, जयसिंह एवं विश्वनाथ ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं हेड गार्ड तारासिंह एवं गार्ड निर्मल सिंह ने भी व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि छोटे नोटों और सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियां आम ग्राहकों के लिए उपयोगी हैं। मेले में पहुंचे लोगों और व्यापारियों ने बैंक की इस पहल की सराहना की।
