– भारतीय किसान संघ ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, धान की एमएसपी पर खरीद शुरू करने की भी उठाई मांग
हनुमानगढ़। मूंग-मूंगफली और धान की सरकारी खरीद के संबंध में भारतीय किसान संघ की ओर से बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने बताया कि जिले में मूंग और मूंगफली की फसल सितंबर के अंत तक पककर तैयार हो जाएगी, जबकि राज्य सरकार की ओर से इनकी सरकारी खरीद नवंबर में शुरू करने की तैयारी है। खरीद में देरी के कारण किसानों को फसल औने-पौने दामों में बेचनी पड़ती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। भारतीय किसान संघ ने मांग की कि मूंग-मूंगफली की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू करवाने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी जाए। साथ ही किसानों के हित में सरकारी खरीद की मात्रा बढ़ाकर 50 क्विंटल की जाए। जिलाध्यक्ष सूडा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला धान बाहुल्य क्षेत्र है, लेकिन समर्थन मूल्य पर धान की सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को अपनी उपज कम दामों पर बेचनी पड़ती है। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने तथा हनुमानगढ़ जिले के किसानों को इसका लाभ दिलाने की मांग की है।
