– मनस्वी नशा मुक्ति अभियान 2026′ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़। टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में मंगलवार को ‘मनस्वी नशा मुक्ति अभियान 2026 के तहत नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आयुर्वेद चिकित्सक कुलदीप तथा विशिष्ट अतिथि शारीरिक शिक्षक मनोज पारीक मौजूद रहे। विद्यालय के चेयरमैन सागरमल लड्ढा एवं डायरेक्टर गोपाल लड्ढा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। मुख्य अतिथि कुलदीप ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मनोज पारीक ने कहा कि खेल और सकारात्मक गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन सागरमल लड्ढा ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। डायरेक्टर गोपाल लड्ढा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही संगति से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रह सकते हैं। इस मौके पर स्कूल प्राचार्य नेहा शर्मा, बीएड कॉलेज प्राचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू एवं फार्मेसी कॉलेज प्राचार्य अश्वनी शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
