– चुनाव कार्यालय के उद्घाटन पर भाजपा सरकार और नगर परिषद पर जमकर बरसे दयाराम जाखड़, बोले- मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे वार्डवासी
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 58 से कांग्रेस प्रत्याशी आमीन खान के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी एवं पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर आयोजित चुनावी सभा में कांग्रेस नेताओं ने वार्ड की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर जमकर निशाना साधा तथा आमीन खान को विजयी बनाने की अपील की। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने कहा कि पिछले सात वर्षों में वार्ड की स्थिति बदहाल हुई है और वार्डवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को दूषित पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है, जबकि कई गलियां अभी तक कच्ची हैं।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद अधिकारियों ने वार्ड की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया और भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी जनता को राहत नहीं मिली। जाखड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 25 लाख रुपये का बीमा बंद करने के साथ रसोइयों सहित कई सुविधाओं को भी बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में नशे की प्रवृत्ति बढ़ना गंभीर चिंता का विषय है और अब जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि वार्ड की जनता कांग्रेस प्रत्याशी आमीन खान के साथ खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार और नगर परिषद की कथित विफलताओं को जनता के बीच ले जाने का आह्वान करते हुए कहा कि आमीन खान को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाएं, ताकि नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बने और वार्ड की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो सके।
आमीन खान बोले- राजनीति नहीं, वार्ड की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
कांग्रेस प्रत्याशी आमीन खान ने कहा कि वार्डवासियों ने पूर्व में कांग्रेस के जिस प्रत्याशी को पार्षद बनाकर नगर परिषद में भेजा था, वह कुछ समय बाद दूसरे खेमे में चले गए। उनके अनुसार इसके बाद वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय वार्डवासियों को मालिकाना हक दिलाने और राशन डिपो खुलवाने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन सात साल बाद भी इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। आमीन खान ने आरोप लगाया कि वार्ड में नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वार्ड की स्थिति में सुधार और लोगों की सेवा के उद्देश्य से उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि चुनाव में जीत मिलने पर उनकी पहली प्राथमिकता पात्र लोगों के पट्टे बनवाना होगी। साथ ही नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए वे पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे।
