– बोले-वार्ड में जल निकासी, टूटी गलियों और सफाई की समस्या प्रमुख, मौका मिला तो प्राथमिकता से होगा विकास
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 14 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के प्रत्याशी एवं पूर्व सरपंच दर्शनसिंह चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अधिकाधिक मतों से विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजने की अपील की है। दर्शनसिंह ने बताया कि वे वर्ष 2019 में भी चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन करीब 50-60 वोटों के मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे। उनके अनुसार उस समय भी उनका उद्देश्य वार्ड का विकास और वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के शासन के बावजूद वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि वार्ड में जल निकासी की समस्या सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है। कई गलियां पक्की नहीं हैं और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी एवं कचरा जमा रहता है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीत के बाद जनता की समस्याओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। दर्शनसिंह ने कहा कि वे वार्ड का भला करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रहे हैं। यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो वार्ड की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाने और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने वार्ड की समस्याओं को लगातार उठाया, लेकिन किसी राजनीतिक दल ने उनकी सुध नहीं ली।
टिकट नहीं मिलने पर छोड़ा कांग्रेस का साथ
दर्शनसिंह के अनुसार उन्होंने कांग्रेस से टिकट के लिए पार्टी नेताओं से संपर्क किया था। उनका दावा है कि पार्टी के सर्वे में भी उनका पक्ष मजबूत था, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उन्हें टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने निर्दलीय विधायक का भी काफी साथ दिया, लेकिन कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने कांग्रेस और निर्दलीय विधायक का साथ छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि अब वे उम्र के इस पड़ाव पर वार्ड के विकास और वार्डवासियों के हित के अलावा कुछ नहीं चाहते। उनका उद्देश्य वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान करवाना है।
शराब बिक्री के आरोपों पर दी सफाई
शराब बेचने के आरोपों को लेकर दर्शनसिंह ने कहा कि वे अब इस काम से जुड़े नहीं हैं और वर्तमान में शराब बेचने वालों का विरोध करते हैं। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे उन्हें समर्थन देकर अधिकाधिक मतों से विजयी बनाएं, ताकि वे नगर परिषद में वार्ड की आवाज मजबूती से उठा सकें।
