– नुक्कड़ सभा में कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान, गणेशराज बंसल बोले-युवाओं के साथ ने जीत की तस्वीर की साफ
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 5 से टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी मुकदर अली जोइया के समर्थन में मंगलवार को शब्बीर मोहम्मद जोइया की ओर से वार्ड में नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा के दौरान सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल और उनके प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान किया। इससे वार्ड का चुनावी माहौल और गरमा गया।

सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं के कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय प्रत्याशी के साथ आने से वार्ड नंबर 5 में मुकदर अली जोइया की जीत तय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज का युवा हर चुनौती का सामना करने और बदलाव लाने का दम रखता है।
वार्ड में हुए विकास कार्य गिनाए
गणेशराज बंसल ने कहा कि वर्ष 2019 में जनता के आशीर्वाद से वे नगर परिषद सभापति चुने गए थे। इसके बाद वार्ड नंबर 5 में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए गए। उनके अनुसार वार्ड की क्षतिग्रस्त और कच्ची सड़कों को पक्का करवाया गया तथा अधिकांश सड़कें सीसी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड से सीधे श्रीगंगानगर बाइपास तक सड़क निकल रही है। जहां पहले गोबर के ढेर नजर आते थे, वहां अब विकास कार्य हुए हैं।

उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि 11 सितंबर को होने वाले चुनाव में मुकदर अली जोइया को अपना आशीर्वाद रूपी मत देकर विजयी बनाएं। बंसल ने कहा कि टीम गणेशराज बंसल इस बार तीसरे मोर्चे के रूप में चुनाव मैदान में है और टीम के सभी निर्दलीय प्रत्याशियों को बांसुरी चुनाव चिह्न मिला है। उन्होंने कहा कि बांसुरी चुनाव चिह्न मिलना टीम की पहली जीत है, जबकि वार्ड 5 में कांग्रेस छोड़कर सैकड़ों युवाओं का समर्थन करना दूसरी जीत के समान है।
समस्याओं के समाधान का भरोसा
निर्दलीय प्रत्याशी मुकदर अली जोइया ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वार्ड के कुछ लोग असमंजस में थे कि किसे मतदान किया जाए। इन लोगों ने बैठक कर उन पर विश्वास जताया और समर्थन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वे वार्डवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि वार्ड में लंबे समय से जर्जर सड़कों का निर्माण करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा स्कूल में मिट्टी भरवाकर खेल मैदान तैयार करवाने तथा सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
