- सुबह से मतदान केन्द्रों पर लगी लंबी कतारें, अंतिम समय तक मतदाताओं से मान-मनुहार करते नजर आए प्रत्याशी-, पांच बूथों पर बदली गई ईवीएम
हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित पीलीबंगा और गोलूवाला नगरपालिकाओं में सम्पन्न हो गया। शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही अधिकांश मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। युवा पहली बार मतदान के उत्साह में नजर आए, वहीं महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने मतदान केन्द्रों तक पहुंचे। मतदान के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक भी पूरी तरह सक्रिय रहे तथा अंतिम समय तक मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। मतदान के बाद मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास और वार्ड की समस्याओं के समाधान को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है।

मतदाताओं ने उम्मीद जताई कि निर्वाचित पार्षद अपने-अपने वार्डांे की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाएंगे। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को तीनों नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दौर में कुछ मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी और सुरेशिया क्षेत्र में प्रत्याशियों के बीच विवाद के कारण मतदान प्रभावित हुआ, लेकिन प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए व्यवस्थाओं को संभाल लिया। द्वितीय चरण में तीनों नगरीय निकायों में कुल 1,78,275 मतदाता थे।
पांच बूथों पर तकनीकी खराबी, बदली गई ईवीएम
हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड 25, 32, 42, 47 और 48 के मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके चलते इन पांच बूथों पर ईवीएम बदली गईं। जंक्शन के वार्ड 47 स्थित बूथ पर मशीन में खराबी के कारण मतदान करीब एक घंटे की देरी से शुरू हो पाया।

यहां कांग्रेस प्रत्याशी के हाथ के निशान वाले बटन में तकनीकी खराबी आने की शिकायत के बाद मशीन बदली गई। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रवि कुमार ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण तीन स्थानों पर मतपत्र इकाई (वीयू) तथा दो स्थानों पर नियंत्रण इकाई (सीयू) बदली गई। मशीनों को बदलने के बाद हनुमानगढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे के 133 मतदान केन्द्रों पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा है।
वार्ड 47 में मोबाइल फोन को लेकर शिकायत
वार्ड 47 के मतदान केन्द्र पर एक कर्मचारी के पास मोबाइल फोन होने की शिकायत ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने एक महिला कांस्टेबल की ड्यूटी को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि महिला कांस्टेबल का पीहर इसी क्षेत्र में होने के बावजूद उसकी ड्यूटी उसी बूथ पर लगाई गई। शिकायतों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
सुरेशिया में बूथ पर प्रत्याशी भिड़े, तनाव
हनुमानगढ़ के सुरेशिया क्षेत्र में बूथ संख्या 129 और 130 पर मतदान के दौरान टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय और भाजपा प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई की स्थिति बन गई। एक प्रत्याशी ने दूसरे पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर भाजपा प्रत्याशी के हनुमान नामक एक समर्थक पर ईंट से सिर पर हमला किए जाने की सूचना भी सामने आई। हंगामे के बाद मतदान केन्द्र पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। हंगामे के बाद मतदान केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एहतियातन बूथ के मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, डीएसपी मीनाक्षी सहारण और जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया। भाजपा नेता अमित चौधरी भी मौके पर पहुंचे तथा समर्थकों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों पर गुंडागर्दी के आरोप लगाए। सुरेशिया क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वार्ड 15 में पत्रकारों से अभद्रता का आरोप
वार्ड 15 में क्षेत्रीय दंडाधिकारी दीपक भारोटिया पर पत्रकारों से अभद्रता करने के आरोप लगे। पत्रकारों के सवाल पूछने पर उनके मौके से चले जाने की बात सामने आई। मामले को अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदीलाल मीणा ने अनुचित करार दिया।

उन्होंने अधिकारियों को पत्रकारों और आमजन के साथ संयमित एवं शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी।
35 संवेदनशील-अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी
हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में कुल 35 संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। इन केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 सचल पुलिस दल लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। इनमें हनुमानगढ़ में 18, पीलीबंगा में चार और गोलूवाला में तीन सचल दल तैनात हैं। कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए 15 पुलिस पर्यवेक्षक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कुल 193 मतदान केन्द्रों पर 386 पुलिस एवं गृह रक्षा दल के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक गृह रक्षा जवान तैनात है।
तकनीकी दिक्कतों के बावजूद मतदान जारी
तकनीकी खराबी और कुछ स्थानों पर विवाद की घटनाओं के बावजूद प्रशासन की तत्परता से मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारू किया गया। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। 14 सितंबर को जिले के सभी आठ नगर निकायों की मतगणना होगी, जिसके साथ प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। इसके बाद 21 सितंबर को अध्यक्ष पद तथा 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन कराया जाएगा।
