– 41 वर्षों से रामलीला का आयोजन कर रही समिति, सहारनपुर के कारीगर बना रहे रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले
हनुमानगढ़। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य रामलीला और दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पिछले 41 वर्षों से जारी यह आयोजन 7 अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर तक चलेगा। 20 अक्टूबर को जिला कलक्ट्रेट के सामने शाम 5:30 बजे भव्य दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर को भगवान राम का राजतिलक होगा। दशहरा महोत्सव को लेकर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले तैयार करने का काम जोर-शोर से चल रहा है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के कारीगर इन पुतलों को तैयार कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार रावण का पुतला घूमता हुआ नजर आएगा। रावण का 60 फुट, जबकि मेघनाथ और कुंभकरण के क्रमशः 59 और 50 फुट के पुतले बनाए जा रहे हैं।
22 वर्षों से पुतले बना रहे मोहम्मद इस्लाम
सहारनपुर के कारीगर मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि वे करीब 22 वर्षों से पुतले बनाने का काम कर रहे हैं। उनके परिवार में यह काम उनके दादा के समय से चला आ रहा है। एक पुतला तैयार करने में करीब 20 दिन लग जाते हैं।

वे पिछले पांच वर्षों से हनुमानगढ़ आकर दशहरा महोत्सव के लिए पुतले तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में भी पुतले बना चुके हैं। उन्होंने बताया कि महंगाई का असर इस काम पर भी पड़ रहा है।
18 अक्टूबर को 108 कन्याओं का महापूजन
समिति की ओर से 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर 108 कन्याओं का महापूजन भी किया जाएगा। समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि रामलीला और दशहरा आयोजन के माध्यम से लोगों को भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। भगवान राम ने मर्यादा में रहकर अपने सभी कार्य पूरे किए। इसी तरह प्रत्येक व्यक्ति को उनके आदर्शों पर चलते हुए मर्यादित जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। समिति की ओर से रामलीला, दशहरा महोत्सव और कन्या पूजन की तैयारियां की जा रही हैं।
