हनुमानगढ़। नवरात्र पर्व के समापन पर शनिवार को टाउन में जंक्शन रोड स्थित जय मां काली माता मंदिर इच्छापूर्ण में भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां काली के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के पुजारी पंडित अनिल शर्मा ने मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके बाद मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ आयोजित किया गया। इसमें मुख्य यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। हवन-यज्ञ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर यादवेन्द्र शर्मा, पूर्व पार्षद मनोज सैनी, मनोज स्वामी, रोहिताश शर्मा, अमीचंद, हंसराज, सुरेंद्र सिंह, पंकज शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
