हनुमानगढ़। जिले में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, युवा मंडलों की व्यापक उपस्थिति और युवा कल्याण के क्षेत्र में संचालित गतिविधियों को देखते हुए हनुमानगढ़ में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के युवा कार्यक्रम आयोजित करवाने की मांग उठी है। इस संबंध में जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य एवं क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा ने जयपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केन्द्र के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने हनुमानगढ़ को बड़े स्तर के युवा आयोजनों का अवसर देने और आगामी कार्यक्रमों में जिले को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वर्मा ने निदेशक को बताया कि हनुमानगढ़ जिले में लंबे समय से अनेक युवा मंडल सामाजिक, रचनात्मक, खेलकूद एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं और जिले में सक्रिय युवा संगठनों की भागीदारी से युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध संगठनात्मक क्षमता और युवाओं की सक्रियता को देखते हुए यहां राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन, युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर, युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय स्तर के युवा जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े आयोजन करवाए जाने चाहिए। इन कार्यक्रमों से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभिन्न जिलों एवं राज्यों के युवाओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अनुभव साझा करने की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा। दलीप वर्मा ने कहा कि माय भारत केन्द्र युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, नेतृत्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हनुमानगढ़ में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित होने से स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और सीमावर्ती क्षेत्र के रूप में जिले की पहचान भी व्यापक स्तर पर स्थापित होगी। उन्होंने निदेशक से आग्रह किया कि हनुमानगढ़ में सक्रिय युवा मंडलों, युवाओं की भागीदारी और पूर्व में संचालित गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिले को प्राथमिकता दी जाए। इससे युवा कल्याण से जुड़े प्रयासों को गति मिलने के साथ युवाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता निखारने और राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। वर्मा ने आशा व्यक्त की कि माय भारत के उच्चाधिकारी हनुमानगढ़ में युवाओं के हित में बड़े आयोजन करवाने की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे।
