हनुमानगढ़। जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित मिनी सब जूनियर छात्र राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दूसरे दिन के मुकाबलों के उद्घाटन कार्यक्रम में एएसपी अरविन्द बिश्नोई, राजस्थान हॉकी संघ अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, राजेन्द्र गोदारा, भाजपा नेता अपारजोत सिंह बराड़, इकबाल सिंह तथा गोलूवाला यातायात प्रभारी विनोद लेघा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला हॉकी संघ अध्यक्ष राकेश बेनीवाल ने की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। आयोजन समिति के सचिव सुनील भारद्वाज ने बताया कि तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 25 जनवरी को सम्पन्न होगी। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में पहला मैच हनुमानगढ़ और जोधपुर के मध्य खेला गया। इस मैच में हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोधपुर को 13-0 के बड़े अंतर से पराजित किया। प्रतियोगिता के तहत आगामी सेमीफाइनल मुकाबले हनुमानगढ़ व भीलवाड़ा तथा नागौर व फलोदी के मध्य खेले जाएंगे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। इस मौके पर जिला हॉकी संघ सचिव सुनील भारद्वाज तथा कोषाध्यक्ष भगीरथ कड़वासरा सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।
