ऐलनाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वीरवार को स्थानीय एडीआर सेंटर में वीर परिवार सहायता योजना-2025 के अंतर्गत जागरूकता एवं निःशुल्क कानूनी सहायता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों को निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर पीएलवी मंगतू राम ने उपस्थित लोगों को योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने हेतु क्यूआर कोड वितरित किए। उन्होंने बताया कि आमजन नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर भी निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उपस्थित लोगों को आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई और अधिक से अधिक मामलों के आपसी समाधान के लिए लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई।
