ऐलनाबाद। शहर के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में आयोजित श्री श्याम बाबा खाटू वाले का 52वां विशाल वार्षिक महोत्सव आज विधिवत रूप से संपन्न हो गया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। भंडारे में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आयोजन समिति एवं स्वयंसेवकों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं और दिनभर भक्तों का आवागमन बना रहा। महोत्सव के अंतर्गत कल रात्रि विशाल जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें जयपुर से पधारी भजन गायिका तृप्ति लढा, वृंदावन से आई पूर्णिमा दीदी (वृंदावन) तथा लुधियाना से पहुंचे विशाल शैली (लुधियाना) ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों ने “श्याम तेरी चौखट पे आकर सुकून मिल गया”, “श्याम नाम की मस्ती छाई रे”, “दर तेरे आके बाबा सब दुख भूल गए” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

पूरी रात मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंजता रहा।कार्यक्रम में कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा, उप प्रधान पवन कुमार कानसरिया तथा श्री श्याम कला मंडल के प्रधान मांगीलाल गिदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।कमेटी ट्रस्ट प्रधान रतनलाल गिदड़ा ने कहा कि यह महोत्सव बीते 52 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।उप-प्रधान पवन कुमार कानसरिया ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है। वहीं श्री श्याम कला मंडल प्रधान मांगीलाल गिदड़ा ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार भव्य आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आगे भी बाबा श्याम की सेवा एवं धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें। भंडारे के साथ महोत्सव का आज विधिवत समापन किया गया।
