हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के गोलूवाला मण्डल के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में नशा तस्करों, चोरों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई को संतोषजनक बताया है। इस संबंध में मण्डल अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। मण्डल अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई ने कहा कि गोलूवाला मण्डल क्षेत्र में लंबे समय से नशा तस्करों और चोरों का आतंक बना हुआ था। हालांकि पिछले कुछ समय में पुलिस की ओर से कई नशा सप्लायरों और चोरों को गिरफ्तार किया गया है। हाल के दिनों में की गई कार्रवाई को उन्होंने प्रभावी और संतोषजनक बताते हुए कहा कि इससे थाना क्षेत्र का माहौल काफी हद तक भयमुक्त हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वामपंथी संगठनों और दलों की ओर से चोरों व नशा तस्करों को बचाने के उद्देश्य से पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि इसके विपरीत गोलूवाला व्यापार मंडल, गुरुद्वारा सिंह सभा सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं ने पुलिस के समर्थन में ज्ञापन प्रस्तुत किए हैं। भाजपा गोलूवाला मण्डल ने इन संगठनों के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि वह कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ खड़ा है। मण्डल कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों, सप्लायरों और चोरों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं तथा भविष्य में भी सख्त कदम उठाने की अपेक्षा करते हैं। इस मौके पर मण्डल महामंत्री भूपेन्द्र सिंह अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
