ऐलनाबाद। जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा नेशनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आयोजित जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रतिभागियों को यातायात नियमों, एचआईवी/एड्स, मोबाइल के उपयोग व दुरुपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव लाल बहादुर बैनीवाल ने बताया कि पांच दिवसीय इस शिविर में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रैफिक पुलिस सिरसा की टीम ने प्रशिक्षणार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शिविर के तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नशामुक्ति, हेपेटाइटिस एवं रक्तदान जैसे विषयों पर मुख्य स्रोत व्यक्तियों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर के दौरान टीआई प्रोजेक्ट की प्रोजेक्ट मैनेजर राज रानी ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता तथा मोबाइल फोन के सही और सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं समाजसेवी रणजीत सिंह टक्कर ने प्रशिक्षणार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण करना चाहिए। पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी पौधारोपण कर संदेश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।
