हनुमानगढ़। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया राजस्थान चौप्टर का 13वां वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन आरएसएसडीआई-26 का आयोजन 28 फरवरी से होगा। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई) राजस्थान चौप्टर का 13वां वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन आरएसएसडीआई-26 का आयोजन 28 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के राजवी पैलेस में होगा। डॉ. पारस जैन ने बुधवार को बताया कि इस सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक, डायबिटोलॉजिस्ट और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। दो दिवसीय आयोजन के दौरान वैज्ञानिक सत्र, व्याख्यान, पैनल चर्चा और केस स्टडी प्रस्तुत की जाएंगी। इसमें नई दवाओं, आधुनिक उपचार पद्धतियों और जीवनशैली में बदलाव पर विशेष चर्चा होगी।

डॉ. बृजेश गौड़ ने बताया कि भारत तेजी से श्डायबिटीज कैपिटल ऑफ द वर्ल्डश् बनता जा रहा है। देश में लगभग 20 प्रतिशत लोग किसी न किसी रूप में मधुमेह से प्रभावित हैं, जबकि चंडीगढ़ जैसे शहरों में यह आंकड़ा 36 प्रतिशत से भी अधिक है। ऐसे में इस तरह के सम्मेलनों की आवश्यकता और बढ़ जाती है। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. एसएस गेट ने जानकारी दी कि यह सम्मेलन केवल डॉक्टरों तक सीमित नहीं रहेगा। आमजन में भी मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। मरीजों और डॉक्टरों के बीच संवाद के सत्र भी आयोजित होंगे, जिससे लोग सीधे विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं का समाधान कर सकेंगे। इस मौके पर राजस्थान आरएसएसडीआई 2026 के कार्यकारणी समिति के संरक्षक डॉ. पारस जैन, संरक्षक डॉ. बृजेश गौड़, अध्यक्ष डॉ. एसएस गेट, सचिव डॉ. ऐश्वर्या गुप्ता, आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रताप सिंह शेखावत, डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. ज्ञान सिंह शेखावत, डॉ. राजीव मुंजाल, डॉ. अमृत पाल सिंह और डॉ. राकेश फगेड़िया सहित कई अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।
