ऐलनाबाद। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बीती रात्रि बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव लक्कड़ावाली में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है, जो न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि समाज की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी बड़ा खतरा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। एसपी ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस के भरोसे नहीं जीती जा सकती।

इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब प्रत्येक नागरिक अपने मोहल्ले, गली और गांव की जिम्मेदारी लेगा, तभी नशा मुक्त समाज की परिकल्पना साकार हो सकेगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के नशे की चपेट में आने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की पूर्ति के लिए युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, जो भविष्य के लिए घातक है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से आग्रह किया कि नशा तस्करों या किसी भी प्रकार के अवैध धंधों की सूचना पुलिस को बिना भय दिए। इसके लिए पुलिस द्वारा जारी मोबाइल नंबर 88140-56100 एवं 88140-11620 पर व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से जानकारी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने गांवों में आपसी भाईचारे को मजबूत करने, रात्रि के समय टिकरी पहरा व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में एसपी दीपक सहारन ने सभी नागरिकों से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे और न ही किसी को नशे की ओर बढ़ने देंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करा रहा है और इस मुहिम को जनआंदोलन बनाने के लिए हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
