हनुमानगढ़। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जंक्शन स्थित सब्जी मंडी का है, जहां से अज्ञात चोर एक बाइक चोरी कर ले गया। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 36, जयप्रकाश कॉलोनी, टाउन निवासी हरिकिशन (51) पुत्र जगदीश चंद्र शाक्य ने रिपोर्ट दी कि वह 9 जनवरी को अल सुबह करीब 4 बजे सब्जी बेचने के लिए जंक्शन सब्जी मंडी गया था। उसने अपनी बाइक नम्बर आरजे 31 एसएफ 8010 मंडी परिसर में खड़ी की और दुकान के अंदर चला गया। कुछ समय बाद वापस लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लगा। कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण की जांच हैड कांस्टेबल मेजर सिंह कर रहे हैं।
