हनुमानगढ़। किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर राहत प्रदान करने की मांग की गई। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां की अर्थव्यवस्था काफी हद तक कृषि पर आधारित है। इसके बावजूद किसान लगातार विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर रहा है और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार आंदोलन करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि हनुमानगढ़ जिले के सेम प्रभावित क्षेत्रों में सेम के पानी की निकासी कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही विदेशों से खाद्य तेल आयात करने की बजाय प्रदेश में किसानों द्वारा उत्पादित सरसों की फसल की शत-प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में आगामी खरीफ फसलों की बुवाई को देखते हुए नकली बीज, उर्वरक और पेस्टीसाइड बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई, ताकि किसानों के साथ होने वाली ठगी को रोका जा सके। इसके अलावा गोलूवाला, पल्लू, खुइयां और टिब्बी क्षेत्र में विद्युत तारों की स्पार्किंग से होने वाली आगजनी की घटनाओं को देखते हुए इन क्षेत्रों में दमकल की स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी गई। आप नेताओं ने कहा कि 8 मार्च को मुख्यमंत्री के हनुमानगढ़ दौरे के दौरान किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया। ज्ञापन के माध्यम से खरीफ फसलों की बुवाई के लिए नहरी पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा हरियाणा और पंजाब से राजस्थान के हिस्से का पूरा नहरी पानी दिलाने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही जिले के किसानों की डिग्गियों का बकाया अनुदान तुरंत जारी करने की भी मांग की गई। इस दौरान प्रदेश सचिव राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, सुभाष पारीक, जयपाल स्वामी, राजकुमार गर्ग, मदनलाल, सतपाल सोनी, लक्ष्मण योगी, सूरज कुमार, रामकुमार, गोपाल मेघवाल, अशोक कुमार, करनैल सिंह और बलवंत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
