-विधायक से गुहार के बाद भी नहीं हुआ समाधान, फेफाना मार्ग पर ध्वस्त नाली से आवागमन प्रभावित
चारणवासी। गांव चारणवासी व मलवाणी में नालियों पर लोहे की जालियां नहीं लगाए जाने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। गांव में इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन साथ बनी नालियों को खुला छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व विधायक अमित चाचाण गांव में एक लोकार्पण समारोह में पहुंचे थे। उस दौरान ग्रामीणों ने उनके समक्ष नालियों पर लोहे की जालियां लगवाने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। विधायक ने आश्वासन भी दिया था, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी नालियों पर जालियां नहीं लगाई गई हैं। इससे प्रशासन और पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। समस्या केवल नालियों पर जालियां नहीं लगने तक सीमित नहीं है। चारणवासी गांव में फेफाना की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक मुख्य नाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण नाली की जगह अब बड़ा गड्ढा बन गया है। स्थिति यह है कि इस रास्ते से कार और बाइक का निकलना तो दूर, ऊंट-गाड़ी और बैल-गाड़ियों जैसे पारंपरिक साधनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधि और विधायक इस खस्ताहाल मार्ग से गुजर चुके हैं, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि या तो पंचायत के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कमी है या फिर जानबूझकर चारणवासी के विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द समस्या का समाधान कर नालियों पर लोहे की जालियां लगाने और ध्वस्त नाली की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
