ऐलनाबाद। जिला में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण और ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला जल एवं सीवरेज मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की 6वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त शांतनु शर्मा ने की, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिले में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल गुणवत्ता, जल संरक्षण गतिविधियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजल आधारित विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जल आपूर्ति से जुड़े सभी बुनियादी ढांचे जैसे ट्यूबवेल, बूस्टर, नहर आदि की सुरक्षा, संचालन और रखरखाव को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जल अर्पण दिवस तथा जल महोत्सव के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही जल सेवा आंकलन, जल गुणवत्ता निगरानी, पानी की उपलब्धता की स्थिति, ग्रीष्मकालीन तैयारियों, ग्रामीण जल आपूर्ति तंत्र की समीक्षा तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निवारण की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के प्रति आमजन में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लक्षित करते हुए शॉर्ट फिल्म, नुक्कड़ नाटक और अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए पानी बचाने और स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार तथा डब्ल्यूएसएसओ से जिला सलाहकार राकेश सोगलान ने एजेंडा बिंदुओं के आधार पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
संवाददाता- रमेश भार्गव
