ऐलनाबाद। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता नगराधीश अजय सिंह ने की। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु और एसोसिएट प्रोफेसर व मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार ने फील्ड ट्रेनर्स, अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ों के संग्रह की विधि तथा डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य को प्रभावी व त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है। इसके आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।

इसलिए जनगणना कार्य में प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया। डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत कोई भी नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने घर की गणना दर्ज कर सकेगा। इससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और सरल बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसे हाउस लिस्टिंग चरण कहा जाएगा। इस दौरान गणनाकार घर-घर जाकर परिवारों से जानकारी एकत्रित करेंगे और नागरिकों से कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों के माध्यम से परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाएंगे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
