ऐलनाबाद। अजीज प्रताप सिंह खोसा फाउंडेशन की बैठक में स्वर्गीय अजीज प्रताप सिंह खोसा की जयंती के अवसर पर आगामी 29 मार्च रविवार को सातवें कबड्डी टूर्नामेंट व विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का निर्णय लिया गया। बैठक में फाउंडेशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरपाल सिंह खोसा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत हर वर्ष की तरह इस बार भी सुबह मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें लड़के व लड़कियों के लिए तीन आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 1 से 18 वर्ष, 19 से 40 वर्ष तथा 41 से 60 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अंडर-14, अंडर-16, अंडर-17 तथा अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ लॉन्ग जंप और शॉटपुट प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि लड़कों के लिए जिला स्तरीय 55 किलोग्राम भार वर्ग के सर्कल व नेशनल कबड्डी मुकाबले भी करवाए जाएंगे, जबकि लड़कियों के लिए जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोपहर बाद लड़कियों की ऑल ओपन सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता तथा लड़कों की जिला स्तरीय सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों और खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरपाल सिंह खोसा, सुखविंदर सिंह डीपी, प्रीत औलख, सोमपत कोच, सुरेंद्र सिंह बराड़, गुरजंट सिंह सिद्धू, सोनू शर्मा, मनदीप सिंह बराड़, जशन खोसा, जसकरण खोसा, हर्ष बराड़, प्रहलाद कोच, पलविंदर सिंह बराड़ सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
