- बीकानेर संभाग प्रभारी मिथिलेश गौतम की मौजूदगी में दिलाई सदस्यता, जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू ने किया अभिनंदन
हनुमानगढ़। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर आए कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। बीकानेर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम के सानिध्य तथा भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवागत कार्यकर्ताओं को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, जिला चुनाव प्रभारी दीपक पारीक, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, जिला मंत्री मुरलीधर सोनी, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल, सीताराम बिश्नोई और गुरदास बराड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, जनकल्याणकारी नीतियों और नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए कार्यकर्ता भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्य राष्ट्रसेवा, जनसेवा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी मिलकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने संगठन विस्तार और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
