हनुमानगढ़। सीबीएसई कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम बुधवार शाम को घोषित किया गया। टाउन स्थित उत्तम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यालय के छात्र अभिनन्दन सिंह शेखावत ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। अभिनन्दन ने साइकॉलोजी और जियोग्राफी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि पॉलिटिकल साइंस में 99 अंक हासिल किए। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार छह विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक तथा 13 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। सनशाइन, अश्विन, खुशनन्दन सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कुल 60 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक कविन्द्र सिंह शेखावत विशेष रूप से मौजूद रहे। निदेशक कविन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को संस्कार और आदर्श भी सिखाए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य बच्चों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य रामविवेक राजे ने शानदार परिणाम पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय पूर्व में भी उत्कृष्ट परिणाम देता रहा है और भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में एकेडमिक शिक्षा के साथ स्केटिंग, स्विमिंग, बॉक्सिंग, जूडो-कराटे, योगा, म्यूजिक और डांस जैसी गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। साथ ही क्विज, डिबेट और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के मानसिक विकास को प्रोत्साहित किया जाता है।
