ऐलनाबाद। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने सिरसा के शहरी राजस्व क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह कॉलोनी गांव शाहपुर बेगू के पास अरनियावाली रोड पर लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में बिना किसी वैध अनुमति के विकसित की जा रही थी। जिला नगर योजनाकार कर्मवीर झाझड़िया ने बताया कि विभाग को अवैध कॉलोनी के निर्माण की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए वहां किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति के कॉलोनियां विकसित करना नियमों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में विभाग सख्ती से कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा और किसी भी सूरत में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीटीपी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी जीवन भर की पूंजी अवैध कॉलोनियों या बिना अनुमति काटे जा रहे प्लॉटों में निवेश न करें। निवेश करने से पहले संबंधित व्यक्ति जिला नगर योजनाकार कार्यालय में आकर कॉलोनी की वैधता के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
संवाददाता- रमेश भार्गव
