हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक कारणों से नगर परिषद हनुमानगढ़ के कर निर्धारक शैलेन्द्र कुमार गोदारा को नगर पालिका रावतसर के अधिशासी अधिकारी पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। जारी आदेश के अनुसार गोदारा अपने वर्तमान पद के कार्यों के साथ-साथ नगर पालिका रावतसर में अधिशासी अधिकारी के रिक्त पद का कार्य भी आगामी आदेशों तक संभालेंगे। यह निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक प्रतीक चन्द्रशेखर द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि यह नियुक्ति सक्षम स्तर से अनुमोदित की गई है। आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों और विभागों को भेज दी गई है। आदेश के तहत जिला कलेक्टर हनुमानगढ़, क्षेत्रीय उप निदेशक स्थानीय निकाय विभाग बीकानेर तथा नगर परिषद/नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है, ताकि नए प्रभार के अनुसार प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकें। उल्लेखनीय है कि रावतसर नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त होने के कारण प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसे देखते हुए विभाग ने अस्थायी रूप से अतिरिक्त प्रभार देने का निर्णय लिया है।
