ऐलनाबाद। नचिकेतन पब्लिक स्कूल की छात्रा सहजप्रीत ने तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय ट्रायल में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, शहर और जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। हरियाणा आर्चरी एसोसिएशन की ओर से जींद में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी ट्रायल में प्रदेशभर से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सहजप्रीत ने अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अपने सटीक निशाने और आत्मविश्वास से उन्होंने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर सहजप्रीत का चयन आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित की जाएगी। कम आयु में मिली यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। विद्यालय निदेशक रणजीत सिंह सिद्धु ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो उनकी मेहनत और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सहजप्रीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी। विद्यालय चेयरमैन राजेंद्र सिंह सिद्धु, सचिव छबील दास सुथार, एडमिनिस्ट्रेटर अशोक कुमार मोहराना, प्राचार्य एस.एन. पारीक, प्रबंधन समिति के सदस्य, अध्यापकगण व विद्यार्थियों ने भी सहजप्रीत को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता- रमेश भार्गव
