हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिवक्ता जगतपाल पुत्र लेखराम निवासी रणजीतपुरा पर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पार्टी जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने बताया कि संबंधित अधिवक्ता बार संघ हनुमानगढ़ में पंजीकृत है और न्यायालय परिसर में कार्यरत है। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर राजस्थान सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया और विभागों को गुमराह किया। ज्ञापन के अनुसार वर्ष 2018 में श्रम विभाग में मजदूर के रूप में पंजीकरण करवाने के लिए प्रस्तुत आवेदन में स्वयं को भवन निर्माण श्रमिक बताया गया, जबकि वह अधिवक्ता के रूप में कार्यरत है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति ने क्षेत्र में लोगों को करोड़ों रुपए उधार दे रखे हैं, जिससे उनकी आय के स्रोत पर सवाल खड़े होते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में आयकर विभाग, मानवाधिकार आयोग और मुख्यमंत्री को भी पूर्व में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 12 मई तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर मोहनलाल, देवीलाल, कालूराम, प्रेमसिंह, बबलू, बलकार सिंह, पृथ्वीराज मौजूद रहे। उधर, अधिवक्ता जगतपाल से उनका पक्ष जानना चाहा लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
