– एचपीवी वैक्सीनेशन मेगा अभियान, 14-15 वर्ष की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाया गया नि:शुल्क टीका
हनुमानगढ़। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिले में मंगलवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन मेगा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर के विद्यालयों में पहुंचकर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र छात्राओं का टीकाकरण किया। इस दौरान वंचित बालिकाओं को भी चिन्हित कर वैक्सीन लगाई गई, ताकि कोई भी पात्र छात्रा इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। जिला मुख्यालय पर जंक्शन स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी संक्रमण महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से सुरक्षा प्रदान कर भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करती है। विशेषज्ञों के अनुसार 14-15 वर्ष की आयु में यह वैक्सीन सबसे अधिक प्रभावी होती है, इसलिए सरकार की ओर से इस आयु वर्ग की बालिकाओं को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जा रहा है। महाअभियान के दौरान जिलेभर में करीब पांच हजार बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इनमें हनुमानगढ़ ब्लॉक की लगभग 1500 छात्राएं शामिल रहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर टीकाकरण के साथ-साथ छात्राओं और अभिभावकों को वैक्सीन के महत्व की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) पर भी इसकी सुविधा उपलब्ध है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचकर उसे भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।
भ्रम और अफवाहों से दूर रहने की अपील
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भ्रांतियों पर ध्यान न दें तथा अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन करवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का प्रयास है कि जिले की प्रत्येक पात्र बालिका को यह सुरक्षा कवच मिले और वह भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे से सुरक्षित रह सके।
हर बेटी के स्वास्थ्य की सुरक्षा, हमारा संकल्प
महाअभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालयों से भी सहयोग की अपील की। विद्यालय प्रबंधन से पात्र छात्राओं की सूची तैयार करने, अभिभावकों की सहमति सुनिश्चित करने तथा टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। विभाग का संदेश स्पष्ट रहा कि स्वस्थ बेटी, सशक्त बेटी और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन बेहद महत्वपूर्ण है।
