हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के सेक्टर वार्ड के वार्ड 9 व 10 में मटमैले और गंदे पानी की समस्या को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद मदन बाघला व नवीन बाकोलिया के नेतृत्व में वार्डवासी सोमवार को जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता से मिले। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मटमैले पानी से भरी बोतल दिखाकर समस्या की गंभीरता से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। पूर्व पार्षद मदन बाघला ने बताया कि वार्ड 9 व 10 में पिछले काफी समय से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल में विधायक कोटे से लगा सबमर्सिबल लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके कारण पानी की समस्या और बढ़ गई है। उन्होंने राजस्थान सरकार की अमृत योजना के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। बाघला ने कहा कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इस पर एक्सईएन ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि शाम तक पाइप लाइन की सफाई करवा दी जाएगी, जिससे गंदे पानी की समस्या में सुधार होगा। साथ ही स्कूल में बंद पड़े सबमर्सिबल की जगह नया बोर करवाने की भी बात कही गई। एक्सईएन ने बताया कि हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में टंकी निर्माण के लिए स्थान लगभग तय कर लिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
