ऐलनाबाद। एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों व खुर्दा संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना शहर सिरसा की सब्जी मंडी पुलिस चौकी टीम ने पिकअप गाड़ी में सवार दो युवकों के कब्जे से करीब साढ़े 5 लाख रुपए मूल्य की 39 पेटी अंग्रेजी शराब तथा 100 पेटी बीयर बरामद की है। इस कार्रवाई में दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सब्जी मंडी पुलिस चौकी की एक टीम गश्त के दौरान रानियां रोड स्थित आईटीआई चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि खाजा खेड़ा रोड पर कंबोज ब्रदर्स नामक शराब ठेके पर अवैध रूप से शराब उतारी जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर एक पिकअप गाड़ी खड़ी मिली, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस ने जब उनसे गाड़ी के कागजात तथा गाड़ी में भरी शराब संबंधी लाइसेंस पेश करने के लिए कहा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से 39 पेटी (468 बोतल) अंग्रेजी शराब तथा 100 पेटी (1200 बोतल) बीयर बरामद की गई। बरामद शराब का कुल अनुमानित मूल्य करीब साढ़े 5 लाख रुपए आंका गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदेश कुमार उर्फ रिंकू पुत्र श्याम सुंदर निवासी भंबूर जिला सिरसा तथा राम निवास उर्फ काला पुत्र इंद्र सिंह निवासी खराती जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से शराब की ढुलाई कर रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस संबंध में थाना शहर सिरसा में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
