हनुमानगढ़। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने एक किराना दुकानदार को 200 नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी मजदूरों और नशा करने वाले लोगों को अधिक कीमत पर कैप्सूल बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत टिब्बी थाना के सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल मय जाप्ता क्षेत्र में गश्त एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पिंक सिटी क्षेत्र में किराना दुकान संचालक कालूराम मेघवाल अपने पास नशीले कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति हाथ में काले रंग का पॉलीथिन बैग लिए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह पास के खाली प्लॉट की ओर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम कालूराम (38) पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल निवासी वार्ड संख्या 15, टिब्बी बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से मिली पॉलीथिन की तलाशी ली तो उसमें प्रेगाबलिन कैप्सूल के 20 पत्ते बरामद हुए। प्रत्येक पत्ते में 10 कैप्सूल होने से कुल 200 कैप्सूल मिले। आरोपी से दवा रखने संबंधी लाइसेंस, परमिट अथवा चिकित्सकीय पर्ची मांगी गई, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ये कैप्सूल हनुमानगढ़ टाउन निवासी राजन उर्फ हन्नी अरोड़ा से खरीदे थे और वह इन्हें नशा करने वाले लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने बताया कि जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के आदेशानुसार जिले में 75 मिलीग्राम से अधिक मात्रा वाले प्रेगाबलिन कैप्सूल की खुली एवं अनियंत्रित बिक्री प्रतिबंधित है। आदेश की अवहेलना करने पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद कैप्सूलों को जब्त कर सील किया गया है। मामले की जांच थाना प्रभारी हंसराज लूणा कर रहे हैं। पुलिस अब आरोपी की ओर से बताए गए सप्लायर राजन उर्फ हन्नी अरोड़ा की भूमिका की भी जांच कर रही है।
