हनुमानगढ़। टाउन शहर के राजवी पैलेस में इस्कॉन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन कीर्तन, श्रीकृष्ण जन्म कथा, श्री राधाकृष्ण महाभिषेक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ कीर्तन में सहभागिता की तथा श्री राधाकृष्ण के महाभिषेक के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भक्ति गीतों एवं जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सरदारशहर से आए बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। श्रीकृष्ण जन्म कथा का वाचन करते हुए शास्त्र स्वरूप दास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म की स्थापना, अधर्म के नाश तथा मानव समाज को प्रेम, भक्ति एवं सदाचार का मार्ग दिखाने के लिए हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं को अपने आचरण में अपनाने का आह्वान किया। महोत्सव के आयोजन में आयोजन समिति के राजेश गोयल, मधुसूदन शर्मा, डॉ. वीएस तिवारी, अंजनी चाचाण एवं त्रिभुवन सिंह राजवी सहित शहर के गणमान्य नागरिकों का सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन का समापन श्री राधाकृष्ण महाआरती के साथ हुआ। इसके पश्चात स्थानीय एवं बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
