हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के खेल विभाग और सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में रविवार को राजस्थान स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ के बीच मैत्रीपूर्ण टी-10 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस रोमांचक मुकाबले में टीचिंग स्टाफ टीम ने नॉन-टीचिंग स्टाफ टीम को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में नॉन-टीचिंग स्टाफ टीम के कप्तान सुनील विरट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 82 रन बनाए और टीचिंग स्टाफ के सामने 83 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीचिंग स्टाफ टीम ने 9वें ओवर में ही 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। हालांकि टीम के दोनों ओपनर सस्ते में आउट हो गए, लेकिन कप्तान मदन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। प्रिंस शर्मा और अशद चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में जसविंद्र सिंह थोड़े महंगे साबित हुए, लेकिन उन्होंने अंतिम ओवर में उपयोगी बल्लेबाजी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद कप्तान मदन लाल शर्मा ने जीत का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि टीम भावना, आपसी समझ और बेहतरीन तालमेल से ही यह सफलता संभव हुई। मैच में अंपायर की भूमिका प्रो. डॉ. विक्रम सिंह औलख ने निभाई। इससे पहले उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा एवं रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए खेल और योग का विशेष महत्व है। आज के तनावपूर्ण जीवन में मानसिक शांति और संतुलन बनाए रखने के लिए खेल और योग सर्वोत्तम साधन हैं। उन्होंने ऐसी गतिविधियों के नियमित आयोजन पर भी बल दिया। रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। समापन समारोह में विजेता टीम को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
