हनुमानगढ़। खेत में बनी झोपड़ियों को तोड़ने, मारपीट करने और सामान लूटने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला अदालत के आदेश के बाद दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार टिब्बी तहसील के वार्ड नम्बर 11 सीडीआर नाईवाला निवासी छिन्द्र सिंह पुत्र हंता सिंह ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ की अदालत में इस्तगासा पेश किया था। अदालत के आदेश पर पुलिस ने कुशाल सिंह पुत्र तारा सिंह, महेन्द्र सिंह पुत्र दयाल सिंह, दलजीत सिंह उर्फ गोलू पुत्र भगवान सिंह, रोशन सिंह पुत्र भगवान सिंह, रवि पुत्र रामसिंह, राजू पुत्र रामसिंह, भगता डूंडा सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस्तगासे में बताया गया कि परिवादी और उसके परिवार की जमीन चक 5 एचएमएच अमरपुरा थेहड़ी में है, जहां वे झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। करीब दस दिन पहले रात करीब 7-8 बजे आरोपित डंडों, गंडासियों व अन्य हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और परिवादी तथा उसके परिवार के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपितों ने झुग्गी-झोपड़ियां तोड़ दीं और वहां रखा सामान जैसे गद्दे, बिस्तर, चारपाई, बर्तन, लकड़ी व अन्य घरेलू सामान भी अपने साथ ले गए। साथ ही परिवादी की मोटर साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एएसआई उम्मेदराम को सौंपी है।
