हनुमानगढ़। टाउन स्थित पंचायत समिति कार्यालय के सभागार में मंगलवार को शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ ब्लॉक के राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों की मासिक वीसीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह किए गए कार्यांे की समीक्षा की गई तथा आगामी माह की कार्ययोजना पर चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में सरकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान स्व-जनगणना, सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन, विद्यालयों में नामांकन व ठहराव, डोर-टू-डोर सर्वे तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान कुछ प्रधानाचार्यांे ने जर्जर विद्यालय भवनों की समस्या उठाई और बताया कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों को खुले में बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है, जिससे कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि तकनीकी रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है तथा कुछ स्थानों पर पुन: सर्वे कराया जाएगा। जहां भवन सुरक्षित पाया जाएगा, वहां कक्षाओं को पुन: संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही कुछ विद्यालयों में शौचालय की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।

इस पर उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल सुथार ने आश्वासन दिया कि संबंधित विद्यालयों से प्रस्ताव प्राप्त होते ही शौचालय निर्माण के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। सीबीईओ काशीराम सहारण ने बताया कि मासिक बैठक में अनुपस्थित रहने वाले संस्था प्रधानों को नोटिस जारी किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि कुल 85 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में से अधिकांश प्रधानाचार्य उपस्थित रहे, जबकि कुछ अवकाश पर थे। एसीबीईओ रोहिताश कड़वासरा ने बैठक में लाडो योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत जिले की 3741 बालिकाओं को पिछले वर्ष लाभान्वित किया गया था। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना और नामांकन दर को बढ़ाना है। इस योजना में बालिका को विभिन्न चरणों में लाभ दिया जाता है, जिसमें कुल मिलाकर लगभग डेढ़ लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाती है। प्रथम दो चरण स्वास्थ्य विभाग की ओर से तथा शेष चरण शिक्षा विभाग की ओर से बालिका की शिक्षा एवं विकास के लिए लाभ प्रदान करते हैं। अंतिम चरण में स्नातक पूर्ण करने या 21 वर्ष की आयु होने पर उच्च शिक्षा विभाग की ओर से लगभग एक लाख रुपए की सहायता दी जाती है। बैठक में एसीबीईओ दीपक कुमार मिड्ढा, बीसीएमओ कुलदीप बराड़, कानूनगो राजेन्द्र सोनी, जनगणना ट्रेनर केवलकृष्ण गिल्होत्रा, राजकुमार बवेजा सहित कई प्रधानाचार्य एवं अधिकारी मौजूद रहे।
