– चाणक्य क्लासेस बंद करने की मांग, छात्रा से कथित छेड़छाड़ और जबरदस्ती के प्रयास का आरोप, अन्य छात्राओं की ओर से भी शिकायतें सामने आने का दावा
हनुमानगढ़। चाणक्य क्लासेस के संचालक राज तिवारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को नागरिकों ने महिला थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कोचिंग सेंटर को तत्काल बंद करवाने और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चार दिन पूर्व मामला दर्ज होने के बावजूद अभी तक राज तिवारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और कोचिंग सेंटर का संचालन जारी है। एडवोकेट लालचंद वर्मा ने बताया कि सुभाष चौक के पास चाणक्य क्लासेस संचालित होता है।

उनके अनुसार गांव शेरगढ़ की एक छात्रा यहां कोचिंग करती थी। आरोप है कि कोचिंग सेंटर संचालक ने छात्रा को घर पर कोई नहीं होने और स्वयं के बीमार होने की बात कहकर चाय बनाने के लिए घर बुलाया। छात्रा जब कोचिंग सेंटर के ऊपर बने संचालक के घर पहुंची तो उसके साथ कथित रूप से अश्लील हरकतें की गईं और जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर भागी और अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। लालचंद वर्मा ने कहा कि एफआईआर दर्ज हुए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन कोचिंग संस्थान अभी भी खुला है। उन्होंने मांग की कि कोचिंग सेंटर को तत्काल बंद कराया जाए और संचालक राज तिवारी को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी इसी कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ एक महिला की ओर से मामला दर्ज करवाया गया था।
‘अन्य छात्राओं ने भी फोन कर बताई ऐसी बात’
डॉ. प्रियंका चाहर ने आरोप लगाया कि घटना सामने आने के बाद चाणक्य क्लासेस में पढ़ने वाली कई अन्य छात्राओं ने पीड़िता के पिता से संपर्क किया और उनके साथ भी कथित रूप से जबरदस्ती करने के प्रयास की बात कही। उन्होंने कहा कि लोक-लज्जा के कारण इन छात्राओं ने पहले किसी को जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोचिंग सेंटर संचालक ने अपनी एक महिला शिक्षित साथी के साथ भी इस तरह का प्रयास किया।

डॉ. चाहर ने कहा कि गुरु को पिता तुल्य माना जाता है और इसी विश्वास के कारण छात्रा संचालक के घर गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। उन्होंने पुलिस से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
‘कार्रवाई नहीं हुई तो थाने में देंगे धरना’
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रेशम सिंह माणुका ने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की ओर से पीड़िता के पिता पर काउंसलिंग के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोचिंग सेंटर संचालक की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो महिला थाने में धरना दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कोचिंग सेंटर को बंद करवाने की भी चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामले में पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राज तिवारी की गिरफ्तारी के साथ चाणक्य क्लासेस को बंद करवाने की मांग दोहराई।

