हनुमानगढ़। श्री छठ पूजा समिति की आवश्यक बैठक सोमवार रात्रि को आयोजित हुई। बैठक में छठ पूजा महोत्सव-2026 और दंगल के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों के अनुसार, आस्था, श्रद्धा, सूर्य उपासना और लोक संस्कृति का प्रतीक छठ पूजा महोत्सव 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य तथा 16 नवंबर सोमवार को उषा अर्घ्य और पारण का कार्यक्रम होगा। छठ पूजा महोत्सव के तहत भाई दूज के अवसर पर 11 नवंबर को दोपहर 2 बजे दंगल आयोजित किया जाएगा। वहीं, 14 नवंबर को रात्रि 8.15 बजे हनुमान मंदिर, आईटीआई कॉलोनी, जंक्शन में जागरण होगा। इसके अगले दिन 15 नवंबर को रात्रि 8.15 बजे चुंगी नंबर आठ, वार्ड नंबर आठ, सूरतगढ़ रोड, जंक्शन पर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। छठ पूजा महोत्सव का मुख्य आयोजन भी इसी स्थान पर होगा। समिति के अनुसार, आयोजन वार्ड नंबर आठ के निवासियों और सर्वधर्म के लोगों के सहयोग से किया जाएगा। बैठक में श्री छठ पूजा समिति के व्यवस्थापक प्रदीप पाल, संरक्षक रामपाल जाटव, संयोजक नागेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष राजवीर यादव, कोषाध्यक्ष पवन कुमार, सचिव भरत कुमार, संगठन मंत्री रामखेलावन दास, प्रवक्ता निखिल गुप्ता, प्रचार मंत्री रामायण कुमार, मीडिया प्रभारी केशव पाल, शंकर मंडल, पारस नाथ, रामूराय, सुशील दास, शंकर दास, रमेश सहित समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।
