ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। शहर थाना पुलिस ने जीआरजी स्कूल के सामने से चोरी हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविंद्र कुमार पुत्र कृष्ण लाल, निवासी सुभाष बस्ती सिरसा, ने थाना शहर में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार 4 जुलाई 2025 को दोपहर के समय वह अपने बच्चों को लेने बी-ब्लॉक स्थित जीआरजी स्कूल गया था। उसने अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी स्कूल के बाहर गेट पर खड़ी की और बच्चों को लेने स्कूल के अंदर चला गया। कुछ समय बाद जब वह बाहर आया तो स्कूटी मौके से गायब थी। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राधेश्याम पुत्र हेतराम, निवासी अरनियांवाली जिला सिरसा को बाईपास रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशा करने का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।
