हनुमानगढ़। रसद विभाग ने मंगलवार सुबह 9:15 बजे टिब्बी में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने स्थित एक दुकान पर छापेमार कार्रवाई कर अवैध रूप से संग्रहित 1,588 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया। जिला रसद अधिकारी सुनील कुमार घोड़ेला के नेतृत्व में प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला एवं पुरुषोत्तम की टीम ने दुकान की जांच की। कार्रवाई के दौरान दीपक कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार की दुकान एवं उससे संबंधित गोदाम में बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ रखा मिला। जांच में दुकान एवं गोदाम से कुल 1,588 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुआ। विभाग ने मौके पर ही समस्त पेट्रोलियम पदार्थ के साथ विक्रय में प्रयुक्त उपकरणों को भी जब्त कर लिया। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
