हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव जाखड़ांवाली में लगे मोबाइल टॉवर से बैटरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में टॉवर कंपनी के टेक्नीशियन की रिपोर्ट पर पीलीबंगा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ तहसील के गांव रोड़ांवाली निवासी विकास कुमार (37) पुत्र दलीप कुमार छिम्पा ने रिपोर्ट दी कि वह अल्टियस कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। 12 जनवरी की रात करीब 10.26 बजे जाखड़ांवाली के 18 एसपीडी क्षेत्र में लगे कंपनी के मोबाइल टॉवर के बंद होने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर रात करीब 12 बजे उसने मौके पर पहुंचकर टॉवर की जांच की तो पाया कि टॉवर के पास लगी लोहे की कैबिनेट से 400 एएच की दो बैटरी बैंक (48 सेल) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। बैटरियां चोरी होने के कारण टॉवर भी बंद हो गया। पीड़ित ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन चोरी का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जाखड़ांवाली चौकी प्रभारी एसआई चैनदान को सौंपी गई है।
