हनुमानगढ़। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से आमजन बेहाल है। गुरुवार को हनुमानगढ़ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय लोग घरों में कैद रहने को मजबूर नजर आए तथा सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने जंक्शन और टाउन क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर फायर ब्रिगेड के जरिए पानी का छिड़काव कराया। नगर परिषद की टीम ने दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न क्षेत्रों में पानी का छिड़काव किया। जंक्शन क्षेत्र में शहीद भगतसिंह चौक, राजीव चौक और बस स्टैंड सहित प्रमुख मार्गांे पर पानी डाला गया। वहीं टाउन क्षेत्र में भारत माता चौक, सुभाष चौक, धानमंडी और बस स्टैंड इलाके में सड़कें भिगोकर गर्मी का असर कम करने का प्रयास किया गया। फायरमैन संदीप सिल्लू, हेमंत पारीक और बंशीलाल की टीम ने इस अभियान में हिस्सा लिया। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में भी जरूरत के अनुसार पानी के छिड़काव की व्यवस्था जारी रखी जाएगी, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
