हनुमानगढ़। डबलीराठान के ग्रामीणों ने घरेलू विद्युत कनेक्शन नहीं होने और खराब मीटर नहीं बदले जाने से नाराज होकर सोमवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता (ग्रामीण) कार्यालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले किया गया। इससे पहले एक्सईएन के कार्यालय में नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ता व ग्रामीण माकपा नेता रघुवीर वर्मा के नेतृत्व में उनके चैम्बर में ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे बाद एईएन के पहुंचने पर उन्हें समस्याओं से अवगत कराया गया, जिसके बाद आश्वासन मिलने पर घेराव समाप्त किया गया।

डीवाईएफआई तहसील अध्यक्ष वेद मक्कासर ने बताया कि घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए ग्रामीणों ने करीब तीन माह पहले राशि जमा करवा दी थी, लेकिन अब तक कनेक्शन जारी नहीं किए गए हैं। साथ ही खराब मीटर भी नहीं बदले जा रहे, जिसके कारण उपभोक्ताओं को पुरानी रीडिंग के आधार पर भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो एईएन और न ही जेईएन फोन कॉल का जवाब देते हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि खराब मीटरों को तुरंत बदला जाए और लंबित घरेलू कनेक्शनों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विभागीय अधिकारियों ने जल्द सुधार नहीं किया तो ग्रामीणों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
