हनुमानगढ़। उधार लिए गए तीन लाख रुपए लौटाने के बजाय डेड चेक देने और पैसे वापस करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार परिवादी धर्मसिंह रमाणा पुत्र मेहर सिंह निवासी वार्ड 20, आईटीआई कॉलोनी, रेलवे फाटक के पास, हनुमानगढ़ जंक्शन ने अदालत में इस्तगासा पेश कर बताया कि उसकी पवन कुमार सोनी पुत्र जीयाराम सोनी निवासी वार्ड 6, आईटीआई बस्ती, हनुमानगढ़ जंक्शन से अच्छी जान-पहचान थी। दोनों एक ही क्षेत्र में रहते थे। परिवादी के अनुसार 1 जुलाई 2025 को पवन कुमार सोनी ने घरेलू जरूरत बताकर उससे 3 लाख रुपए उधार मांगे और एक महीने में पूरी राशि लौटाने का भरोसा दिया। विश्वास में आकर धर्मसिंह ने विनोद कुमार, शिव कुमार और मनजीत सिंह की मौजूदगी में 3 लाख रुपए उधार दे दिए। आरोप है कि उसी दिन आरोपी ने ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स का चेक 1 सितंबर 2025 का, तीन लाख रुपए की राशि का भरकर और हस्ताक्षर कर परिवादी को दे दिया। परिवादी का कहना है कि कई बार पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में जब उसने उक्त चेक अपने बैंक में लगाया तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि संबंधित बैंक करीब डेढ़ वर्ष पहले बदल चुका है और यह चेक अब डेड हो चुका है। यह सुनकर परिवादी ने आरोपी से दोबारा पैसे लौटाने की बात कही। इस दौरान गवाहों के सामने आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसने कई लोगों के साथ ऐसी ठगी की है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई खेमराज को सौंपी है।
