– ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की पहल, देशभर में एक लाख यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य; हनुमानगढ़वासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
हनुमानगढ़। ब्रह्माकुमारी संस्था की पूर्व प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यस्मृति के उपलक्ष्य में हनुमानगढ़ जंक्शन के सेक्टर नंबर 9 स्थित ब्रह्माकुमारी भवन में 22 अगस्त शनिवार को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र संचालिका शीला दीदी ने बताया कि दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यस्मृति पर पिछले वर्ष भी देशभर में रक्तदान अभियान चलाया गया था, जिसमें करीब 88 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ था। इस बार 21 से 25 अगस्त तक ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रत्येक सेवा केंद्र पर रक्तदान अभियान आयोजित किया जा रहा है और एक लाख यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। ब्रह्माकुमारी किरण बहन ने हनुमानगढ़वासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं होता, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए समाज के लोगों को ही आगे आना पड़ता है। यदि हमारे रक्त से किसी की जान बच सकती है तो इससे बड़ा सेवा कार्य कोई नहीं हो सकता। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
